आज की ताजा खबर

बारिश बनी परीक्षा, अफसरों की मुस्तैदी से समय पर तैयार हुआ मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल रातभर की बारिश से जलभराव, सुबह 5:30 बजे डीएम ने संभाली कमान

top-news

बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लोधेश्वर महादेव धाम आगमन से पहले देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। लगातार वर्षा से कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और आसपास के क्षेत्र जलमग्न हो गए। लेकिन जिला प्रशासन और पुलिस की त्वरित रणनीति, समन्वय और सतत निगरानी से कुछ ही घंटों में हालात सामान्य कर दिए गए। निर्धारित समय से पहले कार्यक्रम स्थल पूरी तरह तैयार कर लिया गया।सुबह करीब 5:30 बजे जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह स्वयं कार्यक्रम स्थल पहुंच गए। उनके पहुंचते ही राजस्व एवं प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और युद्धस्तर पर जलनिकासी अभियान शुरू कर दिया गया। पंपिंग सेटों की मदद से कार्यक्रम स्थल और आसपास जमा पानी तेजी से बाहर निकाला गया। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के सुरक्षित अवतरण को ध्यान में रखते हुए हेलीपैड को ढककर सुरक्षित रखा गया और उसकी सतत निगरानी की गई। 

 डीएम की निगरानी में युद्धस्तर पर चला राहत कार्य

 जिलाधिकारी लगातार मौके पर डटे रहे और एक-एक व्यवस्था की स्वयं निगरानी करते रहे। उनके निर्देशन में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों ने सीमित समय में जलभराव समाप्त कर पूरे परिसर को कार्यक्रम योग्य बनाया। तेज बारिश के बीच अधिकारी और कर्मचारी सिर पर छाते लिए लगातार डटे रहे। मशीनों और संसाधनों की मदद से जलनिकासी, समतलीकरण और अन्य व्यवस्थाएं एक साथ संचालित होती रहीं।कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में पीडी खंड-3 के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) एस.के. राय की भूमिका भी अहम रही। वह जिलाधिकारी के पहुंचने से पहले ही मौके पर पहुंच गए थे और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देकर राहत कार्य शुरू करा दिया था। उनके नेतृत्व में तकनीकी टीम ने जलनिकासी और हेलीपैड की सुरक्षा संबंधी कार्यों को तेजी से पूरा कराया।


  एसपी ने संभाली सुरक्षा, वरिष्ठ अधिकारी लगातार करते रहे मॉनिटरिंग

 सुरक्षा व्यवस्था की कमान पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने संभाली। उनके नेतृत्व में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश सिंह सुरक्षा प्रबंधों की लगातार निगरानी करते रहे। पुलिस बल को आवश्यक निर्देश देकर प्रत्येक बिंदु पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी गई।इस दौरान एडीजी लखनऊ प्रवीण कुमार, अयोध्या मंडल के आयुक्त राजेश कुमार तथा डीआईजी सोमेन वर्मा भी लगातार कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों का जायजा लेते हुए प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं की सतत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखा। प्रशासन, पुलिस और तकनीकी टीमों की संयुक्त सक्रियता का ही परिणाम रहा कि प्रतिकूल मौसम और जलभराव जैसी चुनौती के बावजूद मुख्यमंत्री का पूरा कार्यक्रम निर्धारित समय पर बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *