लखनऊ। व्यापारी नेताओं की मिलीभगत से जनपथ और हजरतगंज मार्केट की मुख्य सड़क पर अवैध ढंग से लगाई गई में अवैध साइनेज बोर्ड हटाये जाएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने स्थल निरीक्षण करके इस बाबत निर्देश दिये हैं। इसके अलावा नाजा मार्केट में पाथ-वे से अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये हैं।
हजरतगंज में फसाड कंट्रोल गाइडलाइन के तहत कराये जा रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों का भी उपाध्यक्ष ने निरीक्षण किया। इसमें पाया गया कि कुछ जगहों पर मानक विपरीत साइनेज बोर्ड अभी तक हटाये नहीं गये हैं, जबकि दुकानदारों को दी गयी नोटिस की अवधि भी पूरी हो चुकी है। सूत्र बताते हैं कि अधिकतर जनपद और हजरतगंज के मुख्य इलाके में जूनियर इंजीनियर सुनील कुमार का सिक्का चलता है, व्यापारियों से मिली भगत के चक्कर में न केवल हजरतगंज की खूबसूरती बर्बाद की जा रही है बल्कि जनपद में कई जगहों पर एंक्रोचमेंट भी है। जनपद व्यापार मंडल में पूर्व पदाधिकारी रहे एक कांग्रेसी नेता ने अपनी बिल्डिंग अवैध रूप से बने और अब नीचे की दुकान में चाय की दुकान खोलकर लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा किए गए सौंदरीकरण का मजबूत लाभ लेना शुरू कर दिया है। इसकी वजह से जनपद के अंदर घुसते ही गंदगी और अतिक्रमण का एहसास होने लगता है लेकिन जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह और उनके जांबाज जूनियर इंजीनियर की वसूली किसी को दिखाई नहीं पड़ रही है। इस पर उपाध्यक्ष ने मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी साइन बोर्ड को निर्धारित मानक के अनुसार एकरूप किया जाए। वहीं, हजरतगंज मुख्य मार्केट से लगी हुयी गलियों में जलभराव की समस्या के दृष्टिगत उपाध्यक्ष ने सभी नालियों को मुख्य नाले से कनेक्ट करने के निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने नगर निगम कार्यालय के पास स्थित महर्षि सुपंच पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आसपास बड़ी संख्या में खाने-पीने की दुकानों के चलते काफी भीड़ आती है। इसे ध्यान में रखते हुए पार्क में बैठने की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए खाने-पीने से सम्बंधित स्लोगन लिखवाये जाए।
नाजा मार्केट में अतिक्रमण पर नोटिस
लखनऊ। लविप्रा उपाध्यक्ष ने नाजा मार्केट का भी निरीक्षण किया। जिसमें कुछ दुकानों के बाहर कॉमन एरिया एवं पाथ-वे में अवैध अतिक्रमण पाया गया। इस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित दुकानदारों को नोटिस जारी करते हुए अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिये। इसके अलावा साहू सिनेमा के ठीक सामने पीछे के हिस्से की तरफ मोबाइल की एक शॉप अवैध ढंग से बनाई गई है जिस पर इंजीनियरों की खास मेहरबानी है। इसके अलावा नाजा मार्केट के आसपास कई दुकानों को अस्थाई रूप से बनाया गया है, जिनसे महीने का किराया लखनऊ विकास प्राधिकरण के इंजीनियर वसूल रहे हैं और इसकी वजह से पूरे इलाके में जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा खादी ग्रामोद्योग से के बगल से प्रिंस मार्केट के पीछे की ओर जाने वाले रास्ते पर भी अवैध दुकानें बढ़ाकर बनाई गई हैं। हजरतगंज के ठीक पीछे सीबीआई वाली रोड पर कई अवैध निर्माण लगातार चालू है और जूनियर इंजीनियर सुनील कुमार ने गलत ढंग से परमिशन देकर बिजली की आपूर्ति भी सुनिश्चित कराई है।