आज की ताजा खबर

चित्रकूट में दिल्ली छात्र आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

top-news

दिल्ली छात्र आंदोलन के समर्थन में चित्रकूट में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

छात्रों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर किया प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

 चित्रकूट |दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और पेपर लीक के विरोध में शनिवार को चित्रकूट में सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतर आए। हाथों में झंडे और बैनर लेकर छात्रों ने झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन किया और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई।

प्रदर्शन की शुरुआत पटेल तिराहे से हुई। छात्र जुलूस की शक्ल में कचहरी मार्ग होते हुए तहसील गेट पहुंचे और सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने कई बार छात्रों को हटाने का प्रयास किया, जिससे हल्की नोकझोंक भी हुई। करीब एक घंटे तक चले धरने के बाद छात्र शांतिपूर्ण ढंग से वहां से हट गए।


धरना स्थल पर जिला अधिवक्ता संघ के जिला अध्यक्ष सुशील मिश्रा और महासचिव विजय त्रिपाठी भी पहुंचे। दोनों ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पेपर लीक प्रकरण को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान घायल छात्रों के निशुल्क इलाज, मुआवजे और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की भी मांग की।

इसी दौरान शहर के शहीद पार्क से आजाद पार्टी के समर्थकों ने भी जुलूस निकालकर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने भी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।

प्रदर्शन के समापन पर छात्रों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम अजय यादव को सौंपा। वहीं आजाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में एडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहा।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

 https://youtube.com/shorts/2PyOqdfBAUE

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US 

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *