आज की ताजा खबर

फतेहपुर में सीएम योगी का बड़ा हमला, बोले- सैफई सिंडिकेट की डकैती का अड्डा बन गया था जिला

top-news

फतेहपुर में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- 'सैफई सिंडिकेट की डकैती का अड्डा बन गया था जिला'

विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के दौरान कानून व्यवस्था, भर्ती प्रक्रिया और नकल माफिया पर साधा निशाना

फतेहपुर | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहपुर दौरे के दौरान करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कभी फतेहपुर प्रदेश के सबसे पिछड़े जिलों में गिना जाता था और यहां के विकास का पैसा "सैफई सिंडिकेट" की भेंट चढ़ जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के विकास के लिए मिलने वाली धनराशि का इस्तेमाल विकास कार्यों के बजाय अन्य गतिविधियों में किया जाता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर और प्रयागराज जैसे औद्योगिक क्षेत्रों के बीच तथा गंगा-यमुना के तट पर स्थित होने के बावजूद फतेहपुर विकास की दौड़ में पीछे रहा। उन्होंने कहा कि उस समय जिले में सड़क, बिजली, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक निवेश जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। साथ ही नौजवानों की नौकरियों में भी पारदर्शिता नहीं थी और भर्ती प्रक्रिया विवादों में घिरी रहती थी।


सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई, जिसके परिणामस्वरूप विकास कार्यों में तेजी आई और युवाओं को बिना भेदभाव के रोजगार के अवसर मिले। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है और निवेश का बेहतर माहौल तैयार किया है।

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने नकल माफिया को लेकर भी सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल छात्रों के मुद्दे पर केवल राजनीति कर रहे हैं, जबकि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति बेटियों की सुरक्षा, व्यापारियों या आम जनता के लिए खतरा बनेगा, उसके लिए केवल दो ही स्थान हैं—जेल या जहन्नुम। उन्होंने कहा कि सरकार अपने संकल्प के अनुसार अपराध और माफिया राज पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

 https://youtu.be/eDbUe6YSotc

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *