आज की ताजा खबर

बदायूं को लखनऊ तक सीधी रेल सेवा की सौगात, बी.एल. वर्मा आज उझानी से दिखाएंगे हरी झंडी

top-news

बदायूं को मिली लखनऊ तक सीधी रेल सेवा की सौगात, केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा आज उझानी से दिखाएंगे हरी झंडी

कासगंज-ऐशबाग इंटरसिटी एक्सप्रेस का होगा शुभारंभ, विद्यार्थियों, व्यापारियों और यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

बदायूं | बदायूं जनपद को एक और बड़ी रेल सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा आज 26 जुलाई को उझानी रेलवे स्टेशन से नई रेल सेवा का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही उझानी-बदायूं-ऐशबाग (लखनऊ) उद्घाटन विशेष रेलगाड़ी को दोपहर 12 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसके बाद 15312/15311 कासगंज-ऐशबाग-कासगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे बदायूं और उझानी क्षेत्र को पहली बार लखनऊ तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

नई रेल सेवा के शुभारंभ से पहले आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि यह केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि बदायूं और उझानी क्षेत्र के लाखों लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने बताया कि उद्घाटन विशेष रेलगाड़ी उझानी से दोपहर 12 बजे रवाना होकर 12:15 बजे बदायूं पहुंचेगी और वहां से आगे बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिधौली और मोहिबुल्लापुर होते हुए रात 9:10 बजे ऐशबाग (लखनऊ) पहुंचेगी।


उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और आम यात्रियों को राजधानी लखनऊ तक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। इससे शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार और रोजगार के लिए आवागमन आसान होगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

बी.एल. वर्मा ने कहा कि बदायूं को लगातार दूसरी बड़ी रेल सौगात मिली है। इससे पहले जनपद को दिल्ली के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस की सुविधा मिली थी और अब लखनऊ तक सीधा रेल संपर्क स्थापित हो रहा है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेल का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। नई रेल सेवाओं के विस्तार, रेलवे स्टेशनों के विकास, विद्युतीकरण और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई रेल सेवा बदायूं और उझानी क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।

प्रेस वार्ता के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा का जनपदवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

 https://youtu.be/pVpocnme4D4

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *