आज की ताजा खबर

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर कांग्रेसियों ने मनाया जश्न, निकाला विजय जुलूस

top-news

फतेहपुर । शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्र आंदोलन की मांगें स्वीकार किए जाने के बाद शनिवार को शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे छात्रों और लोकतंत्र की जीत बताते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और छात्रों को बधाई दी।
बता दें कि जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में नहर कॉलोनी से निकले विजय जुलूस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। जुलूस पटेल नगर क्षेत्र से गुजरते हुए विभिन्न मार्गों पर निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए छात्रों के समर्थन में नारेबाजी की और मिष्ठान वितरण किया। कांग्रेस अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि छात्र आंदोलन की मांगों के आगे सरकार का झुकना देश के युवाओं की जीत है। उन्होंने कहा कि परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि यह तानाशाही के खिलाफ लोकतंत्र की जीत है। उनके अनुसार, इस आंदोलन ने लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत किया है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि जुलूस से पहले पुलिस ने एहतियातन जिला अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष समेत कुछ वरिष्ठ नेताओं को कुछ समय के लिए हाउस अरेस्ट भी रखा था। कार्यक्रम में शेख एजाज अहमद, सुधाकर अवस्थी एडवोकेट, संतोष कुमारी शुक्ला, शोभा दुबे, रेखा पासवान, कलीम उल्ला सिद्दीकी, देवी प्रकाश दुबे, आदित्य श्रीवास्तव, रंजीत सिंह मौर्य, सैयद सहाब अली, वकील खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

– शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने जताई खुशी


फतेहपुर । केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने इसे छात्र-छात्राओं, मातृशक्ति और लोकतांत्रिक संघर्ष की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा मे अनियमितताओं के खिलाफ देशभर में हुए आंदोलन ने सरकार को जवाबदेह बनने के लिए मजबूर किया। हेमलता पटेल ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ आंदोलन देशव्यापी जनसमर्थन के कारण निर्णायक मुकाम तक पहुंचा। उन्होंने फतेहपुर में निकाले गए मशाल जुलूस, कलेक्ट्रेट में हुए प्रदर्शन और राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता की एकजुट आवाज का असर देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि इस्तीफा केवल शुरुआत है। परीक्षा से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष परीक्षाएं कराने की मांग दोहराई।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *