आज की ताजा खबर

महराजगंज: जमीन विवाद में ससुर की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, मुख्य आरोपी बहू समेत चार गिरफ्तार

top-news

मनोज शर्मा

महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में हुई बुजुर्ग सच्चाराम गुप्ता की हत्या का महज चार घंटे में पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी बहू समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, साक्ष्य मिटाने में इस्तेमाल किया गया वाइपर और पोछा भी बरामद किया है। 

पुलिस के अनुसार, मृतक सच्चाराम गुप्ता और उनकी बहू शोभा गुप्ता के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि शोभा गुप्ता अपने हिस्से की आधी जमीन अपने नाम रजिस्ट्री कराने का दबाव बना रही थी, लेकिन सच्चाराम गुप्ता ने दोनों बेटों को बराबर हिस्सा देने की बात कहते हुए इससे इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।


 पुलिस के मुताबिक 30 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे शोभा गुप्ता ने बंटवारे की बात करने के बहाने अपने ससुर को घर बुलाया। वहां पहले से रमेश गुप्ता और कथित झोलाछाप डॉक्टर धनई यादव मौजूद थे। पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि विवाद के दौरान शोभा गुप्ता ने ससुर की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया, जिससे वे गिर पड़े। इसके बाद अन्य आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और शोभा गुप्ता ने लकड़ी के डंडे से वार कर उनकी हत्या कर दी।

 पुलिस का यह भी कहना है कि कथित झोलाछाप डॉक्टर धनई यादव ने मृतक को मृत घोषित किया। इसके बाद रात होने का इंतजार किया गया और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से श्रीकांत चौहान को बुलाकर शव को कपड़े से बांधकर घसीटते हुए घर के बाहर खाली प्लॉट में फेंक दिया गया।

 घटना की सूचना मिलने के बाद फरेंदा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शोभा गुप्ता को उसके घर से तथा अन्य तीन आरोपियों को करहिया मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल और साक्ष्य मिटाने में प्रयुक्त सामान भी बरामद कर लिया है।

 इस मामले में थाना फरेंदा पर मु.अ.सं. 210/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 3(5) एवं 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *