आज की ताजा खबर

मानसून सत्र से पहले अखिलेश ने शिक्षा, किसान और बेरोजगारी समेत कई मुद्दों पर घेरा

top-news

सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवपाल यादव सहित सभी विधायक रहे मौजूद, सदन में जनता के मुद्दे उठाने का दावा

स्कूल मर्जर, शिक्षक भर्ती, खाद संकट, किसानों की बदहाली और राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला भी उठाने की घोषणा

शोभित शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर योगी सरकार पर कई मोर्चों पर हमला बोला। इस दौरान सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव समेत पार्टी के सभी विधायक मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी विधानसभा में जनता से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को मजबूती से उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी। 


शिक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल 

अखिलेश यादव ने 'पीडीए ऑडिट अंक-4' जारी करते हुए प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 26 हजार से अधिक सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। स्कूलों के मर्जर की वजह से करीब 28 लाख बच्चों का नामांकन कम हुआ है। इसका सबसे अधिक असर दलित, पिछड़े और आदिवासी वर्ग के बच्चों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है और सरकार शिक्षा व्यवस्था को लगातार कमजोर कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने सरकारी नौकरियों को खत्म करने का काम किया है। प्रदेश में 62 हजार से अधिक शिक्षकों की संख्या कम हो चुकी है, जबकि 81 हजार से ज्यादा शिक्षक पद खाली पड़े हैं। इसके बावजूद नई भर्ती नहीं की जा रही है। उनके अनुसार, 'पीडीए ऑडिट' प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था का दस्तावेज है।

किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरा  

पूर्व मुख्यमंत्री ने किसानों की स्थिति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की पूरी बोरी तक उपलब्ध नहीं हो रही है। डीजल और पेट्रोल के बढ़ते दामों से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। आलू उत्पादक किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने किसानों का कर्ज माफ करने की मांग करते हुए कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रही है।

बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दे भी उठेंगे 

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी विधानसभा में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं और बिजली की बढ़ी हुई दरों जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जनता इन विषयों पर जवाब चाहती है और विपक्ष इन सवालों को मजबूती से सदन में उठाएगा।

राम मंदिर, जौहर विश्वविद्यालय और जेपीएनआईसी पर भी बोले

सपा अध्यक्ष ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी का मामला भी विधानसभा में उठाया जाएगा। इसके अलावा जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने जेपीएनआईसी (जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर) का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो वर्तमान से बेहतर जेपीएनआईसी का निर्माण कराया जाएगा।मानसून सत्र से पहले अखिलेश यादव के इन तीखे हमलों के बाद विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच शिक्षा, किसानों, रोजगार, कानून-व्यवस्था और विकास जैसे मुद्दों पर जोरदार बहस होने के आसार हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *