आज की ताजा खबर

रजबहा में कटान से 250 बीघे धान की फसल डूबी, किसानों में आक्रोश

top-news

 मिर्जापुर के पास टूटी नहर, दादरा, डमौरा समेत कई गांव प्रभावित

सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप, मुआवजे की मांग तेज

शोभित शुक्ला

मसौली (बाराबंकी)। विकास खंड मसौली के मिर्जापुर गांव के पास रसौली रजबहा में हुए भीषण कटान से नहर टूट गई, जिससे आसपास के खेतों में पानी भर गया। इस घटना में करीब 250 बीघे से अधिक क्षेत्रफल में लगी धान की फसल जलमग्न हो गई। दादरा, मिर्जापुर, डमौरा समेत आसपास के कई गांवों के किसान भारी नुकसान से चिंतित हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि नहर में पहले मामूली कटाव हुआ था, जिसकी जानकारी सिंचाई विभाग को दी गई थी। समय रहते मरम्मत नहीं कराए जाने से कटान लगातार बढ़ता गया और आखिरकार नहर टूट गई। इसके बाद तेज बहाव के साथ पानी खेतों में फैल गया और देखते ही देखते धान की लहलहाती फसल डूब गई।


किसानों का कहना है कि इस वर्ष कम बारिश होने के कारण उन्होंने डीजल इंजन चलाकर खेतों की सिंचाई की थी। महंगे बीज, खाद और मजदूरी पर बड़ी रकम खर्च करने के बाद तैयार हुई फसल अब पानी में डूबने से उनकी मेहनत और लाखों रुपये की लागत पर संकट खड़ा हो गया है।

किसान राम सिंह ने बताया कि यदि शुरुआती कटाव के समय विभाग कार्रवाई कर देता तो इतनी बड़ी क्षति नहीं होती। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर कटान रोकने की कोशिश भी की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि प्रयास सफल नहीं हो सके। वहीं किसान शिवकुमार ने बताया कि कर्ज लेकर धान की रोपाई कराई थी और अब पूरी फसल डूब गई है।

उन्होंने सरकार से शीघ्र सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की।ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नहर की मरम्मत कराने, जलभराव रोकने के प्रभावी इंतजाम करने तथा प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराकर जल्द राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *