आज की ताजा खबर

दहेज के लिए विवाहिता को जबरन सल्फास खिलाकर मार डालने का आरोप

top-news

पूरनपुर के पड़रिया गांव का मामला: 5 लाख नकदी और सोने के जेवर न मिलने पर प्रताड़ना, मौत से पहले भाई को बताई आपबीती

 शोएब खान

पीलीभीत। पूरनपुर तहसील क्षेत्र के गांव पड़रिया में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत हो गई।

मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जबरन सल्फास की गोलियां खिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्राम गोपालपुर निवासी विनोद कुमार ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बहन मालती देवी की शादी 4 जून 2025 को पड़रिया निवासी विजय कुमार के साथ की थी।


आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में 5 लाख रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठी की मांग को लेकर मालती को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

तहरीर के अनुसार, रविवार सुबह मालती को ससुराल वालों ने कथित रूप से पकड़कर जबरन सल्फास खिला दिया। हालत बिगड़ने पर उसे पूरनपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।

सूचना पर पहुंचे भाई के सामने मालती ने मरने से पहले ससुरालियों पर जहर देने का आरोप लगाया। इसके कुछ ही देर बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के भाई ने शव का पोस्टमार्टम कराने और आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में सीओ पूरनपुर विधि भूषण मौर्य कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *