आज की ताजा खबर

प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा अटल बिहारी वाजपेयी को किया नमन

top-news

अनुराग मिश्रा

सीतापुर। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने तथा आमजन में देशप्रेम का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को सीतापुर में तिरंगा यात्रा-2026 का भव्य आयोजन किया गया। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज से लालबाग चौराहे तक निकली यात्रा में प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय समेत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, सीतापुर से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए लालबाग चौराहे पर पहुंची। पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का उत्साहपूर्ण माहौल नजर आया।

यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, बिसवां विधायक निर्मल वर्मा, महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य, सिधौली विधायक मनीष रावत, महोली विधायक शशांक त्रिवेदी, जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी डा. दीक्षा जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जनपद स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल रहे।


अटल प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि

लालबाग चौराहे पर पहुंचने के बाद प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय समेत सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा देशहित में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया गया।

तिरंगा गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक : प्रभारी मंत्री

प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान, एकता और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करते हैं। साथ ही युवा पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित करते हैं।

राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हैं ऐसे आयोजन : डीएम

जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. ने कहा कि तिरंगा यात्रा-2026 का आयोजन पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला प्रशासन की ओर से यात्रा को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *