आज की ताजा खबर

सिरफिरे युवक ने सरावन में गौतम बुद्ध प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त

top-news

माधौगढ़ (जालौन)। तहसील माधौगढ़ के गोहन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरावन में स्थित अंबेडकर पार्क में स्थापित तथागत भगवान गौतम बुद्ध की मूर्ति को एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया, लेकिन प्रशासन, पुलिस तथा स्थानीय संभ्रांत नागरिकों की सूझबूझ और सक्रियता के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही तथा शांति व्यवस्था कायम रही। जानकारी के अनुसार ग्राम सरावन निवासी लगभग 32 वर्षीय मोहित तिवारी पुत्र श्रीराम तिवारी ने बीती रात अंबेडकर पार्क पहुंचकर गौतम बुद्ध की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि युवक ने मूर्ति पर गंदा पानी और मिट्टी डाल दी तथा अपने पहने हुए कपड़ों को मूर्ति पर बांध दिया। इसके बाद उसने पत्थर से प्रहार कर मूर्ति के हाथ को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गोहन थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र कुमार बाजपेई एवं उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ वार्ता कर लोगों को शांत कराया। इस दौरान आजाद समाज पार्टी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष मोहम्मद जाविर मंसूरी उर्फ जावेद सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की। स्थानीय लोगों ने चंदा एकत्र कर नई मूर्ति स्थापित कराने की तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन प्रशासन ने स्वयं नई मूर्ति मंगवाकर शीघ्र पुनर्स्थापना कराने का निर्णय लिया। उप जिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य ने बताया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक द्वारा मूर्ति को आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त किया गया है। नई मूर्ति मंगवाकर स्थापित कराई जा रही है तथा क्षेत्र में पूर्ण शांति बनी हुई है। वहीं क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र कुमार बाजपेई ने बताया कि उक्त घटना में आरोपी मानसिक विक्षिप्त युवक मोहित को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों की समझदारी व सहयोग से स्थिति सामान्य है। प्रशासन की तत्परता, पुलिस की सक्रियता तथा स्थानीय नागरिकों की समझदारी के कारण संभावित तनावपूर्ण स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और गांव में सौहार्दपूर्ण माहौल कायम है। फिलहाल ऐतिहातन मौके पर नायब तहसीलदार भुवनेश कुमार सहित पुलिस बल कायम है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *