आज की ताजा खबर

कृषि कल्याण केंद्र पर किसानों का पंजीकरण, श्री अन्न के बीज वितरित

top-news

धनपतगंज, सुलतानपुर। विकासखंड धनपतगंज स्थित कृषि कल्याण केंद्र में शनिवार को किसानों के पंजीकरण के साथ श्री अन्न (मोटे अनाज) के बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर पंजीकरण कराया और सरकार की श्री अन्न प्रोत्साहन योजना की जानकारी प्राप्त की।


केंद्र प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि श्री अन्न की खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा और जल संरक्षण की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मोटे अनाज की फसल कम पानी में अच्छी पैदावार देती है और इसकी बाजार में भी लगातार मांग बढ़ रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। इस दौरान उमाकांत शुक्ला, दूधनाथ यादव, शिवबालक, बृजेश यादव, रामबचन मौर्य एवं पिंटू पांडे सहित कई किसानों का पंजीकरण किया गया। पंजीकरण के बाद सभी किसानों को श्री अन्न के बीज वितरित किए गए। किसानों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए अधिक क्षेत्रफल में मोटे अनाज की खेती करने और शासन की योजनाओं का लाभ उठाने का संकल्प लिया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से कहा कि वे समय-समय पर कृषि कल्याण केंद्र से संपर्क कर विभागीय योजनाओं, अनुदान और उन्नत बीजों की जानकारी प्राप्त करें। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को श्री अन्न की खेती से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना तथा प्रदेश में पोषक एवं जलवायु अनुकूल फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देना है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *