आज की ताजा खबर

नवदिया में रिहायशी इलाके से शराब की दुकान हटाने को लेकर भड़का महिलाओं का गुस्सा, जमकर किया प्रदर्शन

top-news

मौके पर पहुंची जमुनिया चौकी पुलिस ने कराया शांत; महिलाओं ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

पीलीभीत। पूरनपुर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम नवदिया में सोमवार को आबादी के बीच संचालित कंपोजिट शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने शराब की दुकान पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए शराब की बिक्री पूरी तरह रुकवा दी। महिलाओं का स्पष्ट कहना था कि रिहायशी इलाके में दुकान होने से गांव का सामाजिक माहौल पूरी तरह खराब हो रहा है।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गांव के बीचों-बीच दुकान होने से आसानी से शराब उपलब्ध हो जाती है, जिससे नशाखोरी में बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है। इसके चलते आए दिन घरों में घरेलू हिंसा, विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसका सबसे बुरा असर महिलाओं और मासूम बच्चों के जीवन पर पड़ रहा है। आक्रोशित महिलाओं ने तहसील व जिला प्रशासन से मांग की है कि इस शराब की दुकान को तत्काल आबादी क्षेत्र से हटाकर गांव से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।


हंगामे और विरोध की सूचना मिलते ही जमुनिया चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने महिलाओं से वार्ता कर उन्हें समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके कुछ समय बाद दुकान संचालक भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दुकान को दोबारा खुलवाया गया। हालांकि, महिलाओं ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी वाजिब मांग पर जल्द प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे चुप नहीं बैठेंगी और आगे बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगी।

घटना के दौरान दुकान के बाहर घंटों तक ग्रामीणों का भारी मजमा लगा रहा। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी बूंदीभूड़ गांव में भारी हंगामे और विरोध प्रदर्शन के बाद शराब की दुकान को आबादी से हटाया गया था। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आबादी के बीच संचालित शराब दुकानों का ग्रामीणों द्वारा लगातार विरोध दर्ज कराया जा रहा है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *