आज की ताजा खबर

सीडीओ की अध्यक्षता में एचपीवी टीकाकरण में वृद्धि हेतु आयोजित हुई बैठक

top-news

कुशीनगर। जनपद में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कवरेज में वृद्धि एवं पात्र बालिकाओं का अधिकाधिक टीकाकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार क़ो सीडीओ बंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विकास भवन के सभागार कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में बीएसए डीआईओएस एवं जिला अल्पसंख्यक अधिकारी के अधीन कार्यरत प्राचार्य व प्रधानाचार्य भी उपस्थित रहे। बैठक मे जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. मुकेश यादव के द्वारा  एचपीवी टीकाकरण के विषय में सभी को जानकारी दिया गया।उपस्थित सभी अधिकारीयो से अपने अपने स्कूल मे अध्ययनरत छात्र व छात्राओं को टीकाकरण कार्यक्रम के महत्व के बारे में जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया।


स्वास्थ्य शिक्षा एवं निरन्तर संवाद के माध्यम से छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के मध्य व्याप्त भ्रांतियों एवं गलत धारणाओं के निराकरण पर विशेष बल दिया गया। एचपीवी टीकाकरण बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है  एचपीवी टीकाकरण के द्वारा महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर को रोका जा सकता है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी द्वारा अनुरोध किया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विद्यालय स्तर पर जागरूकता गतिविधियाँ संचालित करें, जिससे छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को टीकाकरण के लाभ, सुरक्षा एवं आवश्यकता के संबंध में सही एवं वैज्ञानिक जानकारी प्राप्त हो सके।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में अभिभावक बैठक, जागरूकता कार्यक्रम, परामर्श सत्र तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से प्रभावी गतिविधियाँ संचालित की जाएँ, ताकि टीकाकरण के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो तथा अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं का समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक के अंत में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ,प्राचार्यों/प्रधानाचार्यों से अपेक्षा की गई कि वे स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें तथा अपने-अपने विद्यालयों में एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाए। इस बैठक मे जोनल कॉर्डिनटेर (जेएसआई) संदीप श्रीवास्तव, संजय दत्ता, अजय कुमार , विनोद कुमार  कन्हैया कुमार आदि स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *