आज की ताजा खबर

लगातार बारिश से बिलावा गांव में चार कच्चे मकान भरभराकर गिरे

top-news

बाल-बाल बचा परिवार, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा; राजस्व टीम से नुकसान का आकलन कराने की मांग

रोहित अवस्थी

अजीतमल। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश अब कच्चे मकानों पर भारी पड़ने लगी है। ग्राम बिलावा में बारिश के चलते अलग-अलग स्थानों पर चार कच्चे मकान भरभराकर गिर गए।

मकान गिरने के समय कहीं महिलाएं घर में मौजूद थीं तो कहीं परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। अचानक मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवारों में अफरा-तफरी मच गई।


गनीमत रही कि सभी लोग समय रहते सुरक्षित बच गए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि मकानों में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।

ग्राम बिलावा निवासी जीतू शर्मा पुत्र विनोद शर्मा का कच्चा मकान भी बारिश के चलते अचानक भरभराकर गिर गया। बताया गया कि रात के समय परिवार के सदस्य घर के बाहरी कमरे में सो रहे थे।

इसी दौरान कच्चे मकान की छत और दीवार अचानक ढह गई। मकान गिरने की आवाज से परिवार के लोग घबरा गए और किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

इसी तरह गांव में प्रेमलता पत्नी रघुनाथ सिंह, गिरिंद कुमार पुत्र तुलसीराम और संजय राठौर पुत्र कन्हैया लाल के कच्चे मकान भी लगातार बारिश के कारण धराशायी हो गए।

चारों मकान आसपास ही थोड़ी-थोड़ी दूरी पर स्थित बताए गए हैं। मकान गिरने से उसमें रखा अनाज, घरेलू सामान, कपड़े और अन्य गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों की मदद की। सुबह ग्रामीणों ने मलबा हटाकर उसमें दबे सामान को बाहर निकाला।

पीड़ित परिवारों का कहना है कि बारिश के कारण उनके आशियाने गिरने से उन्हें काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मौके पर राजस्व टीम भेजकर नुकसान का आकलन कराने तथा नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।

तहसीलदार अविनाश कुमार ने बताया कि बारिश के चलते मकान गिरने की सूचना मिली है। संबंधित राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाएगा।

रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार पीड़ित परिवारों को अनुमन्य सहायता दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *