आज की ताजा खबर

बेटी को ससुराल लेकर पहुंची मां की पीटकर हत्या का आरोप,लाठी-डंडों से हमले में वृद्धा की मौत

top-news

बेटी ने पति-सास समेत छह के खिलाफ दी तहरीर

महमूदाबाद/सीतापुर। बेटी को उसकी ससुराल लेकर पहुंची 60 वर्षीय वृद्धा पर ससुरालीजनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में वृद्धा समेत कई लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में परिजन वृद्धा को सीएचसी महमूदाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की बेटी ने अपने पति, सास समेत छह लोगों पर मां की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली क्षेत्र के बंशीपुर निवासी मोहिनी पुत्री भल्लू का विवाह करीब 10 वर्ष पूर्व अगैया निवासी रंगीलाल पुत्र मुंशीलाल के साथ हुआ था।

बताया गया कि पिछले कई महीनों से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। करीब तीन महीने पहले मोहिनी अपना सामान लेकर मायके चली गई थी। इसके बाद उसका पति उसे लेने नहीं पहुंचा। सोमवार सुबह मोहिनी की मां दुलारी (60) कुछ रिश्तेदारों के साथ बेटी को लेकर उसकी ससुराल अगैया पहुंची।

आरोप है कि पत्नी और सास को देखकर रंगीलाल भड़क गया और गांव के कुछ लोगों को बुलाकर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में दुलारी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में सीएचसी महमूदाबाद लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की बेटी मोहिनी ने पति रंगीलाल, सास हेमामालिनी समेत संजय, छोटू, सुशीला और राजाराम के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

मोहिनी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब 10 वर्ष पूर्व रंगीलाल से हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। उसका तीसरा बच्चा करीब 25 दिन पहले ही पैदा हुआ है और उसकी तबीयत खराब चल रही है।

बच्चे के इलाज के लिए पैसे मांगने वह अपनी मां और रिश्तेदारों के साथ अगैया गई थी, जहां विवाद के बाद उन पर हमला कर दिया गया।

सीओ महमूदाबाद वेद प्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *