आज की ताजा खबर

जनपद स्तरीय खेलकूद समारोह में मायंग का दबदबा, ओवरऑल चैंपियन बना शिशु मंदिर/विद्या मंदिर

top-news

सुशील मिश्रा

चांदा,सुलतानपुर चांदा क्षेत्र के सिहौली गांव में सरस्वती शिशु विद्या/मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज सिहौली कोइरीपुर के परिसर में रविवार को जनपद स्तरीय 37वां खेलकूद समारोह उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में विद्या भारती से संबंधित जनपद के करीब 25 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

दिनभर चले खेलकूद समारोह में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी-अपनी टीम के लिए अंक जुटाए। प्रतियोगिता के दौरान दौड़, कूद,फेंक,कबड्डी,बैडमिंटन, खो-खो सहित विभिन्न खेलों का आयोजन कराया गया। अलग-अलग प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। मैदान पर खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से माहौल रोमांचक बना रहा।

प्रतियोगिता के समग्र परिणाम में मायंग के छात्र-छात्राओं ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर ओवरऑल प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं कोइरीपुर के छात्र-छात्राओं ने द्वितीय तथा कादीपुर खुर्द के प्रतिभागियों ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला मंत्री राम अग्रवाल द्विवेदी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ ही उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।


समापन समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को युवा समाजसेवी एवं भाजपा नेता राजेश चंद्र मिश्र तथा प्रदेश निरीक्षक काशी क्षेत्र राज बहादुर दीक्षित ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आचार्यगण को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक नृत्य,गायन एवं वादन की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

समापन अवसर पर युवा समाजसेवी एवं भाजपा नेता राजेश चंद्र मिश्र ने विद्यार्थियों के जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन,आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रामचंद्र प्रजापति ने समारोह को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अतिथियों,आचार्यगण,प्रतिभागी विद्यालयों के शिक्षकों,खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलता है। इस अवसर पर शीतला प्रसाद,पवन तिवारी, सुधाकर, विपिन मिश्रा,योगेश पाण्डेय, संतोष मिश्रा,ब्रह्मदेव,संदीप सहित बड़ी संख्या में आचार्यगण, छात्र-छात्राएं एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। समारोह के समापन पर विजेता खिलाड़ियों और विद्यालयों में उत्साह का माहौल रहा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *