आज की ताजा खबर

15 साल के बेटे को खंभे से बांधकर पीट-पीटकर मार डाला, पिता गिरफ्तार

top-news

सहार के पूर्वा सोमवंशी में वारदात से मचा हड़कंप, शराब के नशे में घटना को दिया अंजाम; पुलिस ने रस्सी और बांस का डंडा बरामद किया

रोहित अवस्थी

सहार औरैया। थाना क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव में 15 वर्षीय किशोर रिशू उर्फ ईशू की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पिता उम्मेद सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शराब के नशे में बेटे को घर के खंभे से रस्सी से बांधकर बांस के डंडे से पीटा था। गंभीर चोट लगने से किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी शव को चारपाई पर रखकर फरार हो गया था।

पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर को नीरज पुत्र उम्मेद सिंह ने थाने में तहरीर दी थी। उसने बताया कि वह अपनी बड़ी बहन के साथ गणेश पूजा व कीर्तन में शामिल होने गया था। घर पर उसकी छोटी बहन और 15 वर्षीय छोटा भाई रिशू उर्फ ईशू मौजूद थे। इसी दौरान पिता उम्मेद सिंह घर पहुंचे।

बेटे को लेकर मिल रही शिकायतों और रुपये चोरी करने की बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि उम्मेद सिंह ने रिशू को मकान के खंभे से रस्सी से बांध दिया और बांस के डंडे से मारपीट की। इससे उसकी मौत हो गई।

मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 79/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। गुरुवार को सहार पुलिस ने आरोपी उम्मेद सिंह को दोपहर 3:23 बजे गिरफ्तार कर लिया।

निशानदेही पर रस्सी और डंडा बरामद

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि रुपये चोरी करने को लेकर बेटे से उसका बार-बार विवाद होता था। 21 सितंबर की रात उसने बेटे को घर के खंभे से रस्सी से बांधकर बांस के डंडे से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शव को चारपाई पर रखकर वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रस्सी और बांस का डंडा बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी उम्मेद सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी पूर्वा सोमवंशी, थाना सहार, उम्र करीब 45 वर्ष है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में भी दो मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गनेश गुप्ता, उपनिरीक्षक अरविंद सिंह, कांस्टेबल विचित्र प्रताप सिंह, राकेश चौधरी और रोहित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *