आज की ताजा खबर

श्रीमद्भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर झूमे श्रद्धालु, जयकारों से गूंजा गंगेश्वर धाम

top-news

ऋषिराज त्रिपाठी ने भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के जन्म का किया भावपूर्ण वर्णन, वासुदेव के गोकुल पहुंचने की लीला ने मोहा मन

कथा के बाद आरएन अवस्थी के आवास पर पहुंचे कथावाचक, देवउठनी एकादशी पर स्वामी संविदानंद महाराज का भी मिला आशीर्वाद

लोक भारती न्यूज ब्यूरो 

नाशिक। वेद मंदिर गंगेश्वर धाम आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के चौथे दिन शुक्रवार, 20 नवंबर को भगवान श्रीकृष्ण और भगवान बलराम के जन्मोत्सव का प्रसंग श्रद्धा और उल्लास के साथ सुनाया गया। परम श्रद्धेय कथावाचक श्री ऋषिराज त्रिपाठी ने अपनी ओजस्वी और भावपूर्ण शैली में भगवान के जन्म तथा वासुदेव जी के उन्हें लेकर गोकुल पहुंचने की लीला का सजीव वर्णन किया। कथा के दौरान पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे और पूरा परिसर जयकारों से गूंजने लगा।

कृष्ण जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं ने लगाए जयकारे

कथावाचक ऋषिराज त्रिपाठी ने भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के जन्म का प्रसंग सुनाते हुए वासुदेव जी के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर मथुरा से गोकुल पहुंचने की लीला का वर्णन किया। जैसे ही यह प्रसंग आया, श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भगवान के दर्शन के लिए भक्तों में उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पुष्प और अन्य सामग्री अर्पित कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस दौरान हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गंगेश्वर धाम का वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर श्री उमेशजी महाराज, श्री दिनेश त्रिपाठी और श्री आरएन अवस्थी की प्रमुख उपस्थिति रही।


आरएन अवस्थी के आवास पर कथावाचकों का स्वागत और सम्मान

कथा के उपरांत कथावाचक श्री ऋषिराज त्रिपाठी और आचार्य श्री दिनेश त्रिपाठी, श्री आरएन अवस्थी के निवास स्थान पहुंचे। वहां अवस्थी परिवार ने विधि-विधान से उनके चरण पखारे और तिलक, आरती तथा माल्यार्पण कर स्वागत किया। अतिथियों को शॉल और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर ब्रह्म समाज एसोसिएशन नाशिक के संरक्षक श्री संजीव चतुर्वेदी ने गुरुजनों को शॉल, पुष्पगुच्छ और दक्षिणा भेंटकर सम्मानित किया। रात्रिभोज के बाद गुरुजनों ने श्री संजीव चतुर्वेदी और अवस्थी दंपती को आशीर्वाद प्रदान किया।

देवउठनी एकादशी पर स्वामी संविदानंद महाराज का मिला आशीर्वाद

देवउठनी एकादशी के अवसर पर कैलाश मठ, भक्ति धाम के मठाधीश स्वामी संविदानंद जी महाराज का भी आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इस दौरान श्री ऋषिराज त्रिपाठी ने स्वामी जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया और उनके नवनिर्मित आवास का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर श्री आरएन अवस्थी ने स्वामी संविदानंद जी महाराज को शॉल और पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। भक्ति धाम में विभिन्न देवी-देवताओं के विग्रह स्थापित हैं। श्रद्धालुओं के बीच इस धाम की विशेष धार्मिक मान्यता है। स्वामी जी के प्रति भक्तों की श्रद्धा और उनके आशीर्वाद को लेकर लोगों ने अपनी आस्था व्यक्त की।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *