आज की ताजा खबर

तीन मासूमों के आशियाने पर कब्जे का आरोप, विरोध करने पर नाना को जान से मारने की धमकी

top-news

नाबालिग बच्चों के नाम दर्ज मकान खाली कराने पहुंचे नाना से मारपीट का आरोप, राष्ट्रपति से लेकर मुख्यमंत्री तक लगाई न्याय की गुहार

लक्ष्मी शरण सिंह राठौर 

कायमगंज,फर्रुखाबाद। मां का साया सिर से उठने के बाद तीन मासूम बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए उनके नाम किया गया मकान ही विवाद का कारण बन गया। आरोप है कि बच्चों के हिस्से के मकान पर जबरन कब्जा कर लिया गया। मकान खाली कराने पहुंचे बच्चों के नाना के साथ मारपीट कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पीड़ित नाना ने राष्ट्रपति को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद को भी शिकायत की प्रतिलिपि भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर बरतल निवासी अमरूददीन पुत्र सहीद खां के अनुसार, उनकी पुत्री खुशनमा पत्नी जावेद की 16 जुलाई 2026 को मृत्यु हो गई थी। इसके बाद पारिवारिक समझौते के तहत जावेद ने 21 जुलाई 2026 को अपनी तीन नाबालिग संतानों जिकरा (छह वर्ष), इलमा (चार वर्ष) और जैन खां (11 माह) के नाम 27.87 वर्ग मीटर का मकान दानपत्र के माध्यम से पंजीकृत करा दिया था। पीड़ित के मुताबिक, यह मकान बच्चों के भविष्य और उनके आश्रय को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उनके नाम किया गया था।


बच्चों की गैरमौजूदगी में मकान पर कब्जे का आरोप

अमरूददीन का आरोप है कि कुछ समय के लिए तीनों बच्चे अपने नाना के घर चले गए थे। इसी दौरान जावेद और ग्राम कुबेरपुर निवासी जलालुद्दीन ने बच्चों के नाम दर्ज मकान पर कथित रूप से जबरन कब्जा कर लिया। पीड़ित के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 को सुबह करीब दस बजे वह बच्चों का मकान खाली कराने की बात करने कुबेरपुर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां जावेद, जलालुद्दीन, पूर्व प्रधान महेश शाक्य, गुड्डी बेगम और मोमीना ने एकजुट होकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।

पुलिस से साठगांठ का हवाला देकर धमकाने का आरोप

पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने पुलिस से अपनी साठगांठ होने की बात कहकर उन्हें धमकाया। घटना के बाद से वह और तीनों मासूम बच्चे भयभीत हैं। अमरूददीन ने अपनी और बच्चों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है।

पीड़ित ने राष्ट्रपति सहित प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, पुलिस महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद को शिकायती पत्र की प्रतिलिपि भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बच्चों के नाम पंजीकृत मकान को कब्जामुक्त कराने, आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

क्या बोले जिम्मेदार

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है और न ही कोतवाली में इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब देखना होगा कि तीन मासूम बच्चों के आशियाने से जुड़े इस प्रकरण में शिकायत मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन क्या कदम उठाते हैं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *