आज की ताजा खबर

कार्तिक पूर्णिमा मेले की व्यवस्थाएं परखने आधी रात दलबल के साथ पांचाल घाट पहुंचीं एसपी आरती सिंह

top-news

सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था का लिया जायजा, अधीनस्थों को दिए सख्त निर्देश; श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

लक्ष्मी शरण सिंह राठौर 

फर्रुखाबाद। कार्तिक पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह पूरी तरह गंभीर नजर आ रही हैं। व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए वह आधी रात पुलिस बल के साथ पांचाल घाट पहुंचीं। यहां उन्होंने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों, यातायात नियंत्रण और पार्किंग स्थलों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।

थाना कादरीगेट क्षेत्रांतर्गत पांचाल घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक ने देर रात मौके पर पहुंचकर उन स्थानों की स्थिति परखी, जहां श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही और भीड़ का दबाव रहने की संभावना है। उन्होंने घाट तक पहुंचने वाले रास्तों, वाहनों की आवाजाही और निर्धारित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।


एसपी ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए और मेला क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ तथा जाम की स्थिति न बनने दी जाए। सुरक्षा ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मी अपने निर्धारित स्थानों पर मुस्तैद रहें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।

आधी रात निरीक्षण, कार्यशैली में दिखी प्रशासनिक सख्ती

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की कार्यशैली की खासियत है कि वह महत्वपूर्ण आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था को केवल कागजी निर्देशों तक सीमित नहीं रखतीं, बल्कि स्वयं मौके पर पहुंचकर तैयारियों की पड़ताल करती हैं। आधी रात दलबल के साथ पांचाल घाट पहुंचना उनकी सक्रियता, कर्तव्यनिष्ठा और प्रशासनिक गंभीरता को दर्शाता है। उनके इस रुख से अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को भी स्पष्ट संदेश है कि ड्यूटी में लापरवाही या जिम्मेदारी से बचने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

कार्तिक पूर्णिमा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की चुनौती को देखते हुए एसपी का यह रात्रिकालीन निरीक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनकी सीधी निगरानी में पुलिस महकमा व्यवस्थाओं को लेकर सतर्क है। उद्देश्य साफ है कि श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के दौरान सुरक्षित माहौल मिले, आवागमन सुगम रहे और पूरा मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *