आज की ताजा खबर

सरकारी खरीद के दावों पर भारी किसानों की बेबसी, 11 दिन से धान तौल का इंतजार

top-news

कायमगंज मंडी में खुले आसमान के नीचे उपज की रखवाली कर रहे किसान, बारदाने की कमी और धीमी खरीद से बढ़ी मुश्किलें; सरकारी भाव और आढ़त के रेट में 400 रुपये तक का अंतर

दानिश खान

कायमगंज,फर्रुखाबाद। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और बिचौलियों के शोषण से बचाने के लिए संचालित सरकारी धान खरीद केंद्रों की व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कायमगंज मंडी समिति स्थित धान खरीद केंद्र पर अपनी उपज बेचने पहुंचे किसानों को 10 से 11 दिन तक तौल के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। खरीद की धीमी रफ्तार और बारदाने की कमी की शिकायतों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात यह हैं कि धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कई दिनों तक मंडी परिसर में खड़ी रहती हैं और किसान खुले आसमान के नीचे अपनी मेहनत की कमाई की रखवाली करने को मजबूर हैं।

किसानों का आरोप है कि खरीद केंद्र की वास्तविक तौल क्षमता का आकलन किए बिना टोकन जारी कर दिए जाते हैं। टोकन मिलने के बाद किसान धान लेकर मंडी पहुंचते हैं, लेकिन वहां उन्हें अपनी बारी के लिए कई-कई दिन इंतजार करना पड़ता है। इससे समय की बर्बादी के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली का किराया और अन्य खर्च भी बढ़ रहे हैं। किसानों के मुताबिक केंद्र पर प्रतिदिन करीब 100 क्विंटल धान की तौल हो पा रही है, जबकि आवक इससे कहीं अधिक है। ऐसे में मंडी परिसर में किसानों की कतार लगातार लंबी होती जा रही है।

11 दिन इंतजार के बाद हुई तौल, ट्रॉली भी नहीं कर सके वापस

रसीदपुर मई निवासी किसान सुधीर सिंह की परेशानी खरीद व्यवस्था की स्थिति बयां करती है। उन्होंने बताया कि वह करीब 11 दिनों तक धान की तौल होने का इंतजार करते रहे। गांव के ही दूसरे किसान से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर अपनी उपज मंडी पहुंचे थे। तौल न होने के कारण कई दिनों तक ट्रॉली वापस नहीं कर सके। धान उतरने के बाद ही उन्हें ट्रॉली लौटाने का मौका मिला। मंडी में खुले आसमान के नीचे रखे धान को बंदरों और अन्य जानवरों से बचाना भी किसानों के लिए चुनौती बना हुआ है।


सरकारी भाव से 400 रुपये तक कम पर बिक रहा धान

सरकारी केंद्र पर लंबा इंतजार और अतिरिक्त खर्च किसानों को निजी आढ़तों की ओर जाने के लिए मजबूर कर रहा है। नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर किसानों ने बताया कि सरकारी खरीद केंद्र पर धान का निर्धारित मूल्य 2430 से 2461 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि मंडी की आढ़तों पर निजी खरीददार 2030 से 2060 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव दे रहे हैं। इस तरह दोनों के भाव में करीब 400 रुपये प्रति क्विंटल तक का अंतर है। किसानों का कहना है कि लंबी प्रतीक्षा और बार-बार मंडी के चक्कर लगाने से बचने के लिए कुछ किसान कम कीमत पर ही अपनी उपज बेचने को मजबूर हो रहे हैं। लोक भारती किसानों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। हालांकि किसानों की शिकायतों के साथ संबंधित खरीद केंद्र प्रभारी और जिला विपणन अधिकारी का पक्ष भी शामिल किया गया है। आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

केंद्र प्रभारी बोले- बारदाना उपलब्ध, नियमित हो रही खरीद

धान खरीद केंद्र प्रभारी विनोद कुमार श्रीवास्तव ने किसानों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि केंद्र पर बारदाना उपलब्ध हो चुका है और धान की खरीद नियमित रूप से की जा रही है। उनके मुताबिक अब तक केंद्र पर 1553 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है, जबकि शासन की ओर से 15 हजार क्विंटल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त केंद्र पर 1200 क्विंटल बाजरे की खरीद भी की जा चुकी है।

जिला विपणन अधिकारी बोलीं- शिकायतकर्ताओं के नाम दें, कराएंगे जांच

मामले में जिला विपणन अधिकारी रोली सिंह से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि यदि आरोप किसी विशेष व्यक्ति से संबंधित हैं तो उसकी जांच कराई जा सकती है। जिन लोगों की ओर से आरोप लगाए जा रहे हैं, उनके नाम और विवरण व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध कराने होंगे, ताकि मामले की पड़ताल कराई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान और बाजरे की खरीद नियमानुसार की जा रही है।

खरीद व्यवस्था पर उठ रहे सवाल, जवाबदेही तय करने की मांग

एक ओर खरीद केंद्र प्रभारी नियमित खरीद और बारदाना उपलब्ध होने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर किसान 10 से 11 दिन तक तौल के इंतजार की शिकायत कर रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि जब सरकारी केंद्र किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए खोले गए हैं तो उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए इतने लंबे इंतजार से क्यों गुजरना पड़ रहा है? किसानों ने खरीद की गति बढ़ाने, पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराने और टोकन व्यवस्था को केंद्र की वास्तविक तौल क्षमता के अनुरूप करने की मांग की है। अब निगाहें जिम्मेदार अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *