आज की ताजा खबर

सड़क सुरक्षा पखवाड़े के बीच बेलगाम रफ्तार ने छीनी लाइनमैन की जिंदगी, छोटा भाई गंभीर

top-news

बहन की याद में गंगा घाट पर दीप जलाने जा रहे थे दोनों भाई, जानकीपुर के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर; हादसों पर जागरूकता अभियान भी बेअसर

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

नवाबगंज,फर्रुखाबाद। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत यातायात नियमों के पालन और तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन सड़कों पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह नवाबगंज-मंझना मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बिजली विभाग के लाइनमैन की मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। बहन की याद में गंगा घाट पर दीप जलाने निकले दोनों भाइयों में से एक की जिंदगी रास्ते में ही खत्म हो गई।

कस्बा नवाबगंज के मोहल्ला बरतल निवासी प्रदीप कुमार (40) बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर तैनात थे। कुछ दिन पहले उनकी बहन राधा की आकस्मिक मौत हो गई थी। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे वह अपने छोटे भाई कुलदीप (30) के साथ बाइक से शमशाबाद गंगा घाट पर बहन की याद में दीप जलाने जा रहे थे। गांव जानकीपुर के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज ले गए, जहां चिकित्सक ने प्रदीप कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कुलदीप को प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर उसे कानपुर भेज दिया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

प्रदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता रूपराम सक्सेना, मां ओमवती, पत्नी सरोजनी देवी और बच्चों विनय (18), निशु (16), वैष्णवी (13) तथा एक वर्षीय हिमांशी का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन की याद में दीप जलाने निकले प्रदीप की खुद हादसे में मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।


जागरूकता अभियान के बावजूद नहीं थम रहे हादसे

सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, नियंत्रित गति से वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद मार्ग दुर्घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है और परिवार उजड़ रहे हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब जागरूकता अभियान लगातार चल रहे हैं तो तेज रफ्तार और लापरवाही पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है? सड़क सुरक्षा केवल अभियान तक सीमित न रहकर वाहन चालकों की आदत और जिम्मेदारी का हिस्सा बननी चाहिए।


सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उपनिरीक्षक अभिलाख सिंह ने सीएचसी पहुंचकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि हादसे में घायल दोनों भाइयों को सीएचसी लाया गया था, जहां प्रदीप को मृत घोषित कर दिया गया। फरार अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *