आज की ताजा खबर

डॉ. अंकुर लाठर का सख्त रुख: शून्य फार्म-6 वाले बूथों के बीएलओ का वेतन रोकने की तैयारी

top-news

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त, 0 से 9 फार्म मिलने वाले बूथों पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश; ईआरओ को भी तय समय में जवाबदेही निभाने की चेतावनी

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद। मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के अभियान में सुस्ती बरतने वाले बूथ लेबिल अधिकारियों (बीएलओ) पर अब कार्रवाई की तलवार लटक गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 में फार्म-6 की बेहद कम और शून्य प्राप्ति वाले बूथों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ निर्देश दिए हैं कि जिन बूथों पर एक भी फार्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है, वहां संबंधित बीएलओ को नोटिस देने के साथ वेतन भुगतान रोकने की कार्रवाई का प्रस्ताव उनके मूल विभाग को भेजा जाए। वहीं, 0 से 9 फार्म प्राप्त होने वाले बूथों के बीएलओ से भी लिखित स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने 17 से 22 नवंबर तक प्राप्त फार्म-6 की समीक्षा करते हुए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के काम में लापरवाही या औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कम फार्म प्राप्त होने वाले बूथों पर संबंधित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर उसकी तामील कराई जाएगी। नोटिस में बूथ संख्या और प्राप्त फार्म-6 की वास्तविक संख्या का स्पष्ट उल्लेख करना होगा। बीएलओ को यह भी बताना होगा कि पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए उन्होंने क्या प्रयास किए और फार्म कम अथवा शून्य रहने की वजह क्या रही। इसके समर्थन में अभिलेखीय साक्ष्य भी प्रस्तुत करने होंगे।


शून्य फार्म वाले बूथों पर वेतन रोकने का प्रस्ताव

जिलाधिकारी ने शून्य फार्म-6 वाले बूथों के मामलों में कार्रवाई को और गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। ऐसे बीएलओ को नोटिस जारी करने के साथ अभिलेखीय रिपोर्ट और नोटिस की प्रति संलग्न कर नियमानुसार वेतन भुगतान रोकने का प्रस्ताव संबंधित मूल विभाग के सक्षम अधिकारी को भेजना होगा। यानी अब केवल स्पष्टीकरण लेकर मामला टालने के बजाय जवाबदेही तय करने की तैयारी है।

ईआरओ की भी तय होगी जिम्मेदारी

डॉ. अंकुर लाठर ने सभी ईआरओ को 24 नवंबर को कार्यालय समय समाप्त होने तक हस्ताक्षरित अनुपालन रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट में बूथ संख्या, बीएलओ का नाम, मूल विभाग, प्राप्त फार्म-6 की संख्या, नोटिस का पत्रांक और तामील की स्थिति दर्ज करनी होगी। शून्य फार्म वाले बूथों पर मूल विभाग को भेजे गए कार्रवाई के प्रस्ताव और उसकी प्राप्ति का विवरण भी देना होगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई और रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यक्तिगत जिम्मेदारी संबंधित ईआरओ की होगी। इसमें देरी या शिथिलता मिलने पर उनसे भी स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर जारी इन निर्देशों से साफ है कि मतदाता पुनरीक्षण के काम में अब हर स्तर पर जवाबदेही तय की जा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उद्देश्य स्पष्ट है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *