आज की ताजा खबर

गौ रक्षा के संकल्प के साथ बिंदकी पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, जयघोष से गूंजा खजुहा!”

top-news

बिंदकी फतेहपुर। जनपद फतेहपुर के बिंदकी तहसील क्षेत्र में चल रही दो दिवसीय गौ रक्षक यात्रा के दूसरे दिन उस समय पूरा माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो उठा, जब ज्योतिषपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का काफिला बावन इमली शहीद स्मारक स्थल और मिनी काशी कहे जाने वाले खजुहा कस्बे में पहुंचा।
शंकराचार्य के आगमन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह फूलों की वर्षा, वैदिक मंत्रोच्चार और “गौ माता की जय” के गगनभेदी नारों से पूरा खजुहा क्षेत्र गूंज उठा। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के नेता राजीव लोचन मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर और जयघोष करते हुए शंकराचार्य का ऐतिहासिक स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने गौ रक्षा को राष्ट्र और सनातन संस्कृति की आत्मा बताते हुए लोगों से गौ सेवा के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि “जिस देश में गाय सुरक्षित नहीं, वहां संस्कृति और समाज दोनों खतरे में पड़ जाते हैं।”
उन्होंने बढ़ती महंगाई और सामाजिक असंतुलन पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत को फिर से गौ आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ना होगा। अपने संबोधन में उन्होंने लोगों से घर-घर से एक-एक नोट संग्रह कर गौ सेवा अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस दौरान शंकराचार्य ने राजीव लोचन मिश्रा को “गौ सेवक” की जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि गौ माता को “राष्ट्र माता” घोषित कराने के लिए देशव्यापी जनजागरण चलाया जाएगा।
मीडिया से बातचीत करते हुए शंकराचार्य ने स्पष्ट कहा —“गाय हमारी माता है, इसे बचाना केवल धार्मिक नहीं बल्कि नैतिक दायित्व भी है।”
कार्यक्रम में विकास अवस्थी, सौरभ शुक्ला, अंकित शुक्ला, पन्नू अवस्थी, बृजबिहारी बाजपेई, शिवमोहन दीक्षित सहित बड़ी संख्या में सनातन प्रेमी उपस्थित रहे। वहीं पूरे कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया।


https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *