आज की ताजा खबर

गो रक्षा जनजागरण यात्रा का कापिल गांव में भव्य स्वागत

top-news

जहानाबाद फतेहपुर। ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा गौ संरक्षण एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से निकाली जा रही 81 दिवसीय गो रक्षा जनजागरण यात्रा गुरुवार को विकास खंड अमौली के कापिल गांव पहुंची। यात्रा के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ शंकराचार्य का माला-फूल पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

जनपद गोरखपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर से तीन मई 2026 को संतों के साथ शुरू हुई यह यात्रा प्रदेश के 403 विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक कर रही है। गुरुवार अपराह्न करीब तीन बजे कापिल गांव पहुंची यात्रा का अभिलाष अवस्थी उर्फ शीलू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस मौके पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाना तथा गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की रक्षा में गौ माता का विशेष महत्व है। यात्रा के माध्यम से लोगों को गौ सेवा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर से आरंभ हुई यह यात्रा प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर समाज को गौ रक्षा के लिए संगठित करेगी। इस अवसर पर पूर्व शिक्षक विधायक लवकुश कुमार मिश्रा, अरुण तिवारी, अन्नू तिवारी, अभिलाष अवस्थी उर्फ शीलू, प्रमोद शुक्ला, संजय तिवारी, गणेश शंकर बाजपेई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *