आज की ताजा खबर

व्यापारी को बचाने पहुंचे भाजपा नेता के चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या

top-news

पीलीभीत। बिलसंडा नगर पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता डीके गुप्ता के चचेरे भाई पप्पू गुप्ता (48) की गुरुवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में पांच टीमें गठित की हैं।
घटना बिलसंडा थाना क्षेत्र के बमरौली तिराहे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार कस्बा निवासी साइकिल कारोबारी पंकज कटियार का अपनी पत्नी शीतल से लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों की शादी दिसंबर 2023 में हुई थी। पंकज का आरोप है कि पत्नी पक्ष के लोग गुरुवार शाम दो बाइकों से बिलसंडा पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट की जानकारी मिलने पर पास में दुकान चलाने वाले कपड़ा कारोबारी पप्पू गुप्ता अपने व्यापारी मित्र को बचाने पहुंचे। इसी दौरान हमलावरों में से एक ने पप्पू गुप्ता के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बरेली रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि हत्या के आरोपियों की तलाश के लिए एसओजी, सर्विलांस, अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस समेत पांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और कस्बे में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *