आज की ताजा खबर

जनसमस्याओं और किसान हितों को लेकर डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

top-news

पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में गांधी सभागार में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों के साथ जनसमस्याओं एवं किसान हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान बैंक ऋण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों और आवेदकों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऋण प्रकरणों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मंडी समिति परिसर में घूम रहे आवारा पशुओं के संबंध में जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी पशुओं को तत्काल गौशालाओं में भेजने की कार्रवाई की जाए। वहीं फल एवं सब्जी मंडी में किसानों से पांच प्रतिशत शुल्क वसूले जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और स्पष्ट कहा कि किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने मंडी परिसर में नीलामी चबूतरों पर व्यापारियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश भी दिए, ताकि मंडी व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। इसके अलावा गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए संबंधित विभागों को कड़ी निगरानी रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े सभी मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन की मंशा के अनुरूप सभी निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), नगर मजिस्ट्रेट, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, एलडीएम सहित भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *