आज की ताजा खबर

नगर की सड़कों पर फिर बढ़ी बेसहारा पशुओं की समस्या

top-news

मझोला (पीलीभीत)। नगर में एक बार फिर बेसहारा पशुओं की समस्या बढ़ने लगी है। दिन हो या रात, सड़कों पर घूमते गौवंशीय पशु राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। लोगों को हर समय हादसे का डर सताता रहता है।
बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष नगर पंचायत द्वारा अभियान चलाकर सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को पकड़वाया गया था। साथ ही पशुपालकों को भी अपने पशुओं को खुला न छोड़ने की चेतावनी दी गई थी। कुछ समय तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन अब समस्या फिर गंभीर होती नजर आ रही है।
इन दिनों टनकपुर रोड, सितारगंज रोड और अमरिया रोड पर बड़ी संख्या में पशु दिन-रात घूमते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ पशुपालक दूध निकालने के बाद अपने पशुओं को सड़कों पर छोड़ देते हैं और शाम को उन्हें वापस ले जाते हैं। वहीं कई पशु पूरी तरह बेसहारा हैं, जो कूड़े के ढेर में भोजन तलाशते नजर आते हैं।
मोहल्लों और कॉलोनियों की गलियों में भी पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। देर रात सुनसान सड़कों पर पशुओं के आपस में लड़ने-झगड़ने से हादसों की आशंका बनी रहती है। कई बार ये पशु राहगीरों पर हमला भी कर चुके हैं। दुकानदारों का कहना है कि लड़ते हुए पशु कई बार दुकानों के अंदर तक घुस जाते हैं, जिससे नुकसान का खतरा बना रहता है।
नगरवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *