आज की ताजा खबर

अकीदत के साथ अदा हुई ईद-उल-अजहा की नमाज

top-news

शाहजहांपुर। जनपद में ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे धार्मिक उत्साह, भाईचारे और अकीदत के साथ मनाया गया। शहर की प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन, चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। शहर की ऐतिहासिक ईदगाह में शहर इमाम हुजूर अहमद मंजरी की इमामत में हजारों नमाजियों ने ईद-उल-अजहा की दो रकात नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।ईद की नमाज को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन कई दिनों से तैयारियों में जुटा हुआ था। ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था कराई गई थी। पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी ने भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया।शहर इमाम हुजूर अहमद मंजरी ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, कुर्बानी और इंसानियत का संदेश देने वाला त्योहार है। उन्होंने कहा कि समाज में मोहब्बत, भाईचारा और इंसानियत को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।नमाज के बाद पूरे मुल्क की तरक्की, अमन-चौन और भाईचारे के लिए दुआ की गई। साथ ही पूरी दुनिया में अमन और सुकून कायम रहने की दुआ भी मांगी गई।मौजूदा वैश्विक हालात पर चिंता जताते हुए इमाम मंजरी ने कहा कि आज पूरी दुनिया एक खतरनाक मोड़ पर खड़ी है। विशेष रूप से खाड़ी और गल्फ देशों में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसकी वजह से महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।उन्होंने कहा कि इस पवित्र अवसर पर अल्लाह से जंग खत्म होने, दुनिया में अमन का माहौल कायम होने, महंगाई और बेरोजगारी से निजात मिलने तथा लोगों के बीच एकता और भाईचारा बढ़ने की दुआ की गई।नमाज के बाद जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के घर पहुंचकर ईद की खुशियां साझा कीं। पूरे दिन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में त्योहार को लेकर उत्साह और रौनक का माहौल बना रहा।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *