आज की ताजा खबर

एसबीआई बैंक के बाहर ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला

top-news

पीलीभीत। शहर के नौगवां चौराहे पर स्थित एसबीआई बैंक के बाहर लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से धुआं और चिंगारियां निकलने के बाद कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग और दमकल विभाग को सूचना दी। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक बिजली विभाग का कोई कर्मचारी या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
बाद में दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एसबीआई बैंक भवन और आसपास की दुकानों को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पर शीघ्र नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के दौरान विद्युत व्यवस्था के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिशासी अभियंता (ईई) और अधीक्षण अभियंता (एसई) के मोबाइल फोन बंद मिले। इससे लोगों में विभागीय कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी गई।
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आए दिन बिजली आपूर्ति में बाधाएं और तकनीकी खराबियां सामने आती रहती हैं, लेकिन उनके समाधान को लेकर विभाग गंभीर नजर नहीं आता। लोगों ने विद्युत व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *