आज की ताजा खबर

नाली पाटने व जल निकासी बाधित करने की शिकायत, ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई गुहार

top-news

पाली, हरदोई। भरखनी ब्लॉक क्षेत्र के उबरीखेड़ा गांव में जल निकासी की  समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को सामने आया। ग्रामीणों ने पचदेवरा थाने और शाहाबाद तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि गांव के एक व्यक्ति ने गांव के अंदर बनी नाली पर मिट्टी डालकर उसे बंद कर दिया है। इसके चलते घरों से निकलने वाला गंदा पानी इंटरलॉकिंग सड़क पर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सड़कें गंदगी से भर गई हैं और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव के दक्षिण स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास तालाब तक पानी निकासी के लिए डाले गए ह्यूम पाइपों को दूसरे व्यक्ति द्वारा बंद कर दिया गया है। साथ ही तालाब को भी पाट लिया गया है, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। परिणामस्वरूप गांव की गलियों में पानी भरा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। ग्राम प्रधान एवं प्रशासक बृजपाल सिंह के नेतृत्व में रमेश पाल, सौरभ, रामशंकर, छोटेलाल, सुशील, राकेश सिंह, अनिल कुमार, राजेश कुमार, वीरेश सिंह, प्रेम सिंह, चंद्र प्रकाश सिंह, मोहित सिंह समेत दर्जनभर से अधिक ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त शिकायती पत्र पचदेवरा थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव तथा शाहाबाद तहसील में उपजिलाधिकारी को सौंपा।
उपजिलाधिकारी सुशील कुमार मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हल्का लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को मौके पर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *