आज की ताजा खबर

बुआ की हत्या कर जेवर और नकदी लूटने वाला भतीजा गिरफ्तार

top-news

औरैया के बिधूना थाना क्षेत्र में वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने पांच दिन के भीतर खुलासा करते हुए मृतका के भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मामूली विवाद के बाद अपनी बुआ की चाकू से हत्या कर घर में रखे जेवर और नकदी लूट ली थी।

सूरजपुर गांव निवासी 65 वर्षीय संतोष कुमारी का शव 27 मई को उनके घर में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। मृतका के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि 25 मई की रात करीब 11:30 बजे मृतका का भतीजा टीटू उर्फ आशीष द्विवेदी उनके घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपी ने चाकू से गर्दन पर कई वार कर संतोष कुमारी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर में रखे जेवर, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, दो सोने जैसे धातु के कुंडल, दो चांदी जैसे धातु की पायल, 2400 रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में लूट से संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *