आज की ताजा खबर

कुशीनगर में दो सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों मे मौत, हत्या के आरोप में दो भाई हिरासत में

top-news

कुशीनगर। सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट देवनारायण टोला में दो सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मामले में परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवतियों के दो भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि उनके पिता की तलाश की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बहनों के प्रेम संबंधों को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों युवतियां पहले भी कई बार घर छोड़कर चली गई थीं, जिससे परिवार के सदस्य नाराज बताए जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले दोनों बहनें वापस घर लौटी थीं। आरोप है कि इसके बाद परिवार के कुछ सदस्यों ने उनकी पिटाई की। इसी घटना के बाद दोनों की मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में दो सगे भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि पिता की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल दो सगी बहनों की मौत की यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *