आज की ताजा खबर

17 लाख की लागत वाला पशु सेवा केंद्र अधूरा, निर्माण कार्य ठप डीपीसी स्तर तक काम कर छोड़ा निर्माण, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

top-news

बिल्हौर/चौबेपुर, कानपुर नगर। विकासखंड चौबेपुर के ग्राम तारी पाठकपुर में पशुपालकों की सुविधा के लिए स्वीकृत पशु सेवा केंद्र का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। करीब 17 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस केंद्र का निर्माण डीपीसी स्तर तक पहुंचने के बाद बंद हो गया, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

पशु चिकित्सा अधिकारी चौबेपुर द्वारा अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड को भेजे गए पत्र में निर्माण एजेंसी के माध्यम से कार्य कर रही गुरु कृपा कंस्ट्रक्शन फर्म पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है। पत्र के अनुसार कई बार संपर्क और निर्देश दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं कराया गया।

बताया गया कि शिकायतों और दबाव के बाद निर्माण कार्य शुरू तो हुआ, लेकिन ठेकेदार ने केवल डीपीसी स्तर तक निर्माण कर कार्य बंद कर दिया। इसके बाद महीनों से परियोजना पर कोई प्रगति नहीं हुई। संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार द्वारा केवल आश्वासन दिए जाते रहे, लेकिन कार्य दोबारा शुरू नहीं हो सका।

मामले को लेकर भाजपा जिला कार्य समिति कानपुर ग्रामीण के सदस्य गणेश प्रसाद ने भी जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के प्रस्ताव और शासन की स्वीकृति के बाद शुरू की गई यह परियोजना पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई जा रही थी, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा रहने से योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

स्थानीय लोगों और संबंधित अधिकारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *