आज की ताजा खबर

फर्जी फोटो लगाकर 13 बीघा जमीन की रजिस्ट्री,जांच के आदेश,चार लोगों पर कूटरचित विक्रय पत्र तैयार कर जमीन हड़पने का लगाया आरोप

top-news

सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। तहसील क्षेत्र में कथित फर्जीवाड़े के जरिए 13 बीघा कृषि भूमि की रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया है। डेरेराजा गांव निवासी बंशी लाल ने उपजिलाधिकारी से शिकायत कर आरोप लगाया है कि फर्जी दस्तावेज और किसी अन्य व्यक्ति की फोटो का इस्तेमाल कर उनकी जमीन का बैनामा करा लिया गया। मामले को गंभीर मानते हुए उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं। बंशी लाल द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार चंदवारा गांव निवासी कृष्णावती पत्नी राम हरख ने अपने सहयोगियों प्रमोद कुमार मिश्रा, सुशील कुमार, विनोद कुमार वर्मा और सुनील कुमार के साथ मिलकर कूटरचित एवं फर्जी विक्रय पत्र तैयार कराया। आरोप है कि विक्रय पत्र में बंशी लाल के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति की तस्वीर लगाई गई और एक अधिवक्ता के माध्यम से उसे उपनिबंधक कार्यालय सिरौलीगौसपुर में प्रस्तुत कर दिया गया।

13 बीघा कृषि भूमि की करा ली रजिस्ट्री 
शिकायतकर्ता का आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उनकी करीब 13 बीघा कृषि योग्य भूमि का पंजीकरण करा लिया गया। बंशी लाल ने अपने प्रार्थना पत्र के साथ विक्रय पत्र एवं आधार कार्ड की छायाप्रति भी संलग्न करते हुए सभी आरोपियों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
 प्रशासन बोला— होगी विस्तृत जांच 
उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। वहीं उपनिबंधक नमिता श्रीवास्तव ने कहा कि कार्यालय में जो व्यक्ति किसान के रूप में आया था, वह अधिवक्ता के साथ था तथा प्रस्तुत किए गए सभी अभिलेख पूर्ण थे, जिनके आधार पर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की गई।उधर निबंधन लिपिक अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि यदि बैनामा गलत तरीके से किया गया है तो पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांच में कथित फर्जी बैनामा कराने वाले व्यक्ति, गवाहों तथा पूरे मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की भी गहन पड़ताल की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *