आज की ताजा खबर

हिंदू मरघट की जमीन से हटा अतिक्रमण, जेसीबी से ध्वस्त अवैध निर्माण के पिलर क्रमदारपुर में पैमाइश के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, एसडीएम अनिल कुमार सरोज की मौजूदगी में चला अभियान

top-news

सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। बदोसरांय थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव में हिंदू मरघट के नाम दर्ज भूमि पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को मंगलवार को प्रशासन ने हटा दिया। उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से मजार निर्माण के लिए खड़े किए गए पिलरों को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। जानकारी के अनुसार रविवार को एक समुदाय के कुछ लोग उक्त भूमि पर पिलर खड़े कर मजार बनाने का प्रयास कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर हिंदू पक्ष ने विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस मामले में निर्माण कार्य में शामिल पांच लोगों के विरुद्ध शांति भंग की आशंका के तहत चालान भी किया गया था।

दोबारा पैमाइश में मरघट की निकली जमीन
सोमवार को लेखपाल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने भूमि की पैमाइश की थी, लेकिन उस समय स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी थी। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज, तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा, कोतवाली बदोसराय प्रभारी राम अवतार सरोज, राजस्व विभाग के कर्मचारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा पैमाइश कराई गई। जांच में संबंधित भूमि हिंदू मरघट के नाम दर्ज पाई गई।

जेसीबी से हटाया अतिक्रमण, दोबारा कब्जे पर होगी कार्रवाई
पैमाइश के बाद उपजिलाधिकारी के निर्देश पर लेखपाल महेंद्र कुमार जायसवाल ने जेसीबी मशीन बुलवाकर अस्थायी रूप से बनाई जा रही मजार के पिलरों को हटवा दिया। महेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि पैमाइश में भूमि हिंदू मरघट के नाम दर्ज मिली थी, जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई थी। इसके बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दोबारा इस भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने कहा कि हिंदू मरघट के नाम दर्ज भूमि पर अस्थायी कब्जा किया गया था, जिसे नियमानुसार हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया है। प्रशासन क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *