आज की ताजा खबर

अयोध्या जाने से पहले कांग्रेस सांसद को पुलिस ने रोका, लगाए गंभीर आरोप, लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का लगाया आरोप,निरीक्षण के उद्देश्य से अयोध्या जाने की थी तैयारी

top-news

बाराबंकी। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया को मंगलवार को अयोध्या रवाना होने से पहले पुलिस ने उनके लखनऊ स्थित आवास पर ही रोक दिया। इस कार्रवाई के बाद उन्होंने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल अयोध्या में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की व्यवस्था और उसके संचालन की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने जा रहा था। उनका आरोप है कि सरकार ने इस दौरे को रोककर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

विपक्ष की आवाज दबाने का लगाया आरोप
पुनिया ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने तथा लोकतांत्रिक तरीके से सवाल उठाने का अधिकार देता है। उनका कहना था कि सरकार विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि निरीक्षण के लिए भी प्रतिनिधिमंडल को रोका जा रहा है तो इससे सरकार की मंशा पर संदेह पैदा होना स्वाभाविक है।

पूर्व सूचना देने का दावा, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

कांग्रेस सांसद ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रतिनिधिमंडल के दौरे की पूर्व सूचना न होने की बात कही गई थी। इसे देखते हुए कांग्रेस ने पहले ही अपने प्रतिनिधिमंडल की सूची सार्वजनिक कर दी थी, जिसमें मंत्री, सांसद और पूर्व सांसद शामिल थे। उन्होंने कहा कि दल का उद्देश्य किसी प्रकार का धरना-प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि व्यवस्थाओं का अवलोकन कर वास्तविक तथ्यों की जानकारी लेना था।पुनिया ने आरोप लगाया कि जिन मामलों में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं, उनमें अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण, रामपथ निर्माण समेत विभिन्न परियोजनाओं में समय-समय पर भ्रष्टाचार के आरोप उठते रहे हैं। कांग्रेस इन मामलों को लगातार उठाती रही है और जब तक निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक पार्टी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाती रहेगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *