आज की ताजा खबर

बरेली में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा, डीएम ने तहसील और ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाने के दिए निर्देश लोन स्वीकृति में तेजी लाने और लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण करने पर जोर

top-news

बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक कर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों और बैंकर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने लोन स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और तहसील व विकासखंड स्तर पर विशेष कैंप आयोजित करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन बैंकों में ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया धीमी है, वे तत्काल पेंडेंसी समाप्त करें और कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जाए।


बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए तहसील और विकासखंड स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएं, ताकि आम नागरिकों को योजना की जानकारी और पंजीकरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके।

जिलाधिकारी ने सभी बैंकर्स से कहा कि यदि किसी वेंडर का ऋण आवेदन अस्वीकार किया जाता है तो उसे स्पष्ट कारण बताया जाए। साथ ही लाभार्थियों और वेंडर्स के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि पीएम सूर्य घर योजना और सीएम युवा योजना से संबंधित कोई भी ऋण आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।

बैठक में जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष सिंह, पीओ नेडा सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *