आज की ताजा खबर

साइबर अपराधों से बचाव एवं बाल संरक्षण को लेकर छात्राओं को किया गया जागरूक

top-news

अमेठी I  जिला प्रोबेशन अधिकारी वीरेंद्र कुमार वर्मा के निर्देशन में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय बालिका इंटर कॉलेज, असैदापुर में साइबर सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विषयक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम, पता, विद्यालय का नाम, मोबाइल नंबर, आधार संख्या, ओटीपी एवं पासवर्ड किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।


 उन्होंने कहा कि ऑनलाइन गेम या सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त संदिग्ध लिंक फर्जी हो सकते हैं, इसलिए ऐसे लिंक को खोलने से बचें। साथ ही सोशल मीडिया या गेमिंग प्लेटफॉर्म पर मिले अजनबियों के साथ वीडियो कॉल, फोटो अथवा निजी जानकारी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन धमकी देता है, अभद्र भाषा का प्रयोग करता है या किसी प्रकार से परेशान करता है तो इसकी सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें। चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर रोशन लाल ने बच्चों से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई बच्चा किसी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न, शोषण या संकट की स्थिति में है तो चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर तत्काल सूचना दर्ज कराई जा सकती है। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क एवं 24 घंटे उपलब्ध है। कार्यक्रम में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) से हेड कांस्टेबल शिव प्रताप सिंह ने विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए उनके महत्व एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय पर देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गीता वर्मा, नमिता वर्मा, राखी देवी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *