आज की ताजा खबर

अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सोनौली को मिलेगा नया स्वरूप डीएम ने दिए सेफ सिटी डिजिटल लाइब्रेरी व आधुनिक कॉम्प्लेक्स के निर्देश

top-news

महराजगंज I  जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने नौतनवा तहसील के अंतर्गत नगर पंचायत सोनौली एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नौतनवा का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों, जनसुविधाओं और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

नगर पंचायत सोनौली के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने और स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित होने के कारण सोनौली का रणनीतिक और आर्थिक महत्व अत्यंत अधिक है। ऐसे में यहां नागरिक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को सेफ सिटी योजना के तहत पूरे नगर में सीसीटीवी कैमरे और पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम स्थापित करने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नगर पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कल्याण मंडप, डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन करने को कहा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से स्थानीय नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और नगर के समग्र विकास को गति मिलेगी।

इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौतनवा का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर के आवासीय एवं कार्यालय भवनों की जर्जर स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को भवनों का तकनीकी परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण एवं नए भवनों के निर्माण का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षित एवं आधुनिक भवनों में स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन होने से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों दोनों को बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, उपजिलाधिकारी नौतनवा नवीन प्रसाद, नगर पंचायत सोनौली की अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

 

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *