आज की ताजा खबर

गोमती नगर में 85 करोड़ रूपये की लागत से नालों का सुदृढ़ीकरण

top-news

लखनऊ। गोमती नगर एवं गोमती नगर विस्तार में जलभराव की समस्या से लोगों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने आईआईटी रूड़की की सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक लगभग 85 करोड़ रूपये की लागत से नालों के सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू करा दिया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को विकास कार्यों का निरीक्षण करके कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।
 उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर के विनय खण्ड में हुसड़िया चौराहे से दयाल पैराडाइज चौराहे के मध्य लगभग 03 किलोमीटर लंबे नाले के सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत आरसीसी नाले के निर्माण के साथ क्षमता में वृद्धि करायी जा रही है। यह कार्य लगभग 63 करोड़ रूपये की लागत से कराया जा रहा है, जिसमें अभी तक 300 मीटर लंबाई में नाले का निर्माण कार्य पूर्ण करा दिया गया है। इसी तरह विनीत खण्ड में हैनीमैन चौराहे से हुसड़िया चौराहे के मध्य लगभग 13 करोड़ रूपये की लागत से 1.4 किलोमीटर लंबे नाले की क्षमता वृद्धि का कार्य शुरू करा दिया गया है।
   इसके अतिरिक्त विराज खण्ड और विनम्र खण्ड में लगभग 02 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच में आरसीसी नाले के निर्माण व क्षमता वृद्धि का कार्य कराया जा रहा है। इस क्रम में विभूति खण्ड में हाईकोर्ट के पास जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 40 लाख रूपये की लागत से सम्पवेल विकसित किया गया है। इससे गोमती नगर एवं गोमती नगर विस्तार की लगभग 15 लाख की आबादी को बरसात में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। 

 विनम्र खण्ड में बनेगा कम्यूनिटी सेंटर एवं पार्क

लखनऊ। विनम्र खण्ड में लखनऊ पब्लिक स्कूल के पास लगभग 02 एकड़ क्षेत्रफल में कम्यूनिटी सेंटर एवं पार्क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसमें 04 करोड़ रूपये की धनराशि खर्च की जाएगी। उपाध्यक्ष ने मौके का निरीक्षण करके दिसम्बर, 2026 तक विकास कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये। इस दौरान उपाध्यक्ष ने मैक्स हॉस्पिटल के पास खाली पड़ी लगभग डेढ़ लाख वर्गफिट अर्जित भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिये कि रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक करके उक्त भूमि के सम्बंध में प्रस्ताव तैयार कराया जाए। 
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में पुलिस मुख्यालय के पीछे स्थित 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड का भी निरीक्षण किया। सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त पायी गयी, जिस पर उपाध्यक्ष ने शीघ्र टेंडर कराकर सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिये। इसके बाद उन्होंने मलेशेमऊ में नवसृजित ग्रुप हाउसिंग भूखण्डों का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने सड़क, सीवर लाइन आदि के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। इस मौके पर मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, उप सचिव माधवेश कुमार, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार एवं मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी व अभियंता मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *