आज की ताजा खबर

खतरे के निशान से ऊपर पहुंची सरयू, बांध पर शरण लेने लगे ग्रामीण

top-news

रामनगर/सूरतगंज (बाराबंकी)। सरयू-घाघरा नदी का लगातार बढ़ता जलस्तर अब तटवर्ती गांवों के लिए चिंता का विषय बन गया है। गुरुवार को सुबह 10 बजे नदी का जलस्तर खतरे के निशान 106.070 मीटर से 6 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया, जबकि शाम पांच बजे यह बढक़र 106.150 मीटर पहुंच गया, जो खतरे के निशान से 8 सेंटीमीटर अधिक रहा। जलस्तर में लगभग एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की वृद्धि दर्ज होने से सुंदरनगर, बेलहारी, भलाईपुर, बाबापुरवा, ललपुरवा, कोडऱी, सरसंडा, तपेसिपाह, कोरिनपुरवा समेत कई गांवों में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। निचले इलाकों में पानी फैलने से कटान की आशंका भी बढऩे लगी है।
 बांध पर पहुंचने लगे परिवार, फसलों पर भी मंडराया संकट 
सुंदरनगर गांव में कई परिवारों ने घरों का जरूरी सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन शुरू कर दिया है। लोग अनाज, कपड़े, बर्तन, पशुओं का चारा और अन्य जरूरी सामान लेकर बांध पर अस्थायी झोपडिय़ां बनाकर रहने लगे हैं। ग्रामीण कृपाल, मोहम्मद आलम, मोहम्मद अहमद, रामविजय शुक्ला, सुरेश और चेतराम ने बताया कि गांव चारों ओर से पानी से घिर चुका है और कई घरों के दरवाजे तक पानी पहुंच गया है। सैकड़ों बीघा धान की फसल जलमग्न होने की आशंका है, जबकि सुंदरनगर का संपर्क मार्ग भी पानी में डूबने से आवागमन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों ने नाव, राहत सामग्री, चिकित्सा शिविर, पशुओं के लिए चारा, पेयजल, शौचालय और रात्रि प्रकाश की व्यवस्था कराने की मांग की है।
एसडीएम ने किया निरीक्षण, सभी विभाग अलर्ट 
बाढ़ की आशंका को देखते हुए उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता ने तहसीलदार विपुल कुमार सिंह के साथ तपेसिपाह और कोरिनपुरवा गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और राजस्व, पुलिस, पीएसी तथा अन्य विभागों की टीमें अलर्ट हैं। वहीं पशु चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब चंद्र यादव अपनी टीम के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र पहुंचे और पशुओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एसडीएम ने कहा कि फिलहाल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और यदि स्थिति गंभीर होती है तो प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, भोजन, पेयजल सहित हरसंभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *