आज की ताजा खबर

कसया-पडरौना रोड स्थित सब्जी मंडी में गंदगी और गड्ढों से व्यापारी परेशान, व्यवस्था पर उठाए सवाल

top-news

कसया कुशीनगर। कसया-पडरौना मार्ग स्थित सब्जी मंडी में इन दिनों गंदगी, कचरे और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण व्यापारियों और मंडी में आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंडी की बदहाल स्थिति को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है।

उनका आरोप है कि लंबे समय से मंडी परिसर में साफ-सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि मंडी परिसर में जगह-जगह कचरा जमा होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कचरे के कारण कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं, जिससे मंडी में पैदल चलने के साथ-साथ वाहनों के आवागमन में भी काफी दिक्कत हो रही है।


बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी खराब हो जाती है। इससे सब्जी खरीदने और बेचने के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।

एक व्यापारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सब्जी मंडी का हाल बहुत खराब है। यहां आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। गंदगी और गड्ढों के कारण व्यापारियों के साथ ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार समस्या की ओर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।

व्यापारियों का आरोप है कि मंडी समिति की ओर से नियमित रूप से साफ-सफाई और परिसर की व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे मंडी में कारोबार करने वाले व्यापारियों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले किसानों और ग्राहकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापारियों ने संबंधित विभाग और मंडी समिति के अधिकारियों से मांग की है कि मंडी परिसर की तत्काल सफाई कराई जाए, कचरे को हटवाया जाए और गड्ढों को भरवाकर रास्ते को आवागमन के लायक बनाया जाए। साथ ही जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दिनों में मंडी परिसर में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मंडी की बदहाल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे अपनी समस्याओं को लेकर उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के लिए मजबूर होंगे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *