आज की ताजा खबर

मक्का बेचकर घर लौट रहे किसान की हादसे में गई जान, परिवार में मचा कोहराम

top-news

बदायूं। थाना उसावां क्षेत्र के ग्राम उदैयानगला निवासी 75 वर्षीय किसान भीम सिंह की शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह खेत में उगाई गई मक्का बेचकर घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, उदैयानगला निवासी भीम सिंह पुत्र मनीराम शुक्रवार को अपनी फसल मक्का बेचने के लिए मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे स्थित मील पर गए थे। दोपहर करीब तीन बजे वह बिक्री के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर एचपी पेट्रोल पंप के समीप सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की सहायता से घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष राजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात बाइक चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

भीम सिंह अपने पीछे तीन पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि भीम सिंह मेहनती किसान थे और परिवार के बुजुर्ग सदस्य होने के कारण गांव में उनका सम्मान था।एसओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *