आज की ताजा खबर

कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत एडीजी व डीआईजी ने किया कछला घाट का निरीक्षण बदायूं डीएम,एसएसपी के अलावा एसपी सम्भल व एसपी बरेली भी रहे

top-news

बदायूँ। एडीजी बरेली जोन बरेली रमित शर्मा व डीआईजी बरेली जोन बरेली अजय कुमार साहनी ने जिलाधिकारी अवनीश राय व एसएसपी अंकिता शर्मा के साथ संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों के दृष्टिगत मंगलवार को कछला घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, जिससे कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी श्रावण मास में 30 जुलाई, 2026 से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।


जिलाधिकारी  अवनीश राय ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जनपद में सेक्टर व जोन बनाते हुए वहां मजिस्ट्रेट/अधिकारी नामित किए गए हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रकाश की बेहतर व्यवस्था की जा गई है तथा सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। शिविर संचालन के लिए भी स्थापना पूर्व अनुमति लेने सहित अन्य मापदण्ड बनाए गए हैं।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा आपात स्थिति में त्वरित सहायता एवं प्रभावी समन्वय के लिए कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) तथा पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। डीएम ने बताया कि 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक शुक्रवार सायं 8ः00 बजे से सोमवार सायं 5ः00 बजे तक लागू रहने वाले रूट डायवर्जन को प्रभावी ढंग से लागू कराया जाएगा। इस अवसर पर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

 

स्थलीय निरीक्षण के उपरांत पुलिस लाइन, बदायूँ में वरिष्ठ् पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा,पुलिस अधीक्षक सम्भल  कृष्ण कुमार, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, बरेली श्रीमती अंशिका वर्मा तथा अन्य राजपत्रित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई । गोष्ठी में अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन, बरेली द्वारा आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए । उन्होंने कहा कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा का लक्ष्य "Zero Incident, Zero Accident" रहेगा तथा प्रत्येक अधिकारी इसी उद्देश्य को केंद्र में रखकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करेगा ।

उन्होंने निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित न होने पाए । सभी अधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करें तथा किसी भी सूचना पर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें । गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि जनपद बदायूँ की सीमाओं से जुड़े जनपद बरेली, सम्भल एवं शाहजहाँपुर के साथ निरंतर आपसी समन्वय स्थापित रखा जाए ।

साथ ही इन जनपदों से संबंधित सीमावर्ती थानों के मध्य प्रभावी संवाद एवं समन्वय सुनिश्चित करते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सूचना आदान-प्रदान तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाए, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन निर्बाध रहे तथा संपूर्ण कांवड़ यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराई जा सके ।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *