आज की ताजा खबर

उन्नाव की गौशाला में 10-12 गोवंशों के शव मिलने से हड़कंप, निरीक्षण में खाली मिली चारे की नांद

top-news

उन्नाव की गौशाला में बड़ी लापरवाही, 10-12 गोवंशों के शव मिलने से मचा हड़कंप

निरीक्षण में खाली मिली चारे की नांद, सीवीओ बोले- रिपोर्ट शासन को भेजकर होगी कार्रवाई

उन्नाव | उन्नाव जिले के थाना गांव स्थित गौशाला में अव्यवस्थाओं का गंभीर मामला सामने आया है। गौशाला परिसर में 10 से 12 गोवंशों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि मृत गोवंशों का समय पर निस्तारण नहीं किया गया, जिसके चलते शव खुले में पड़े रहे और उन्हें कुत्ते व कौवे नोचते रहे। शवों से उठ रही दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार गौशाला में लंबे समय से व्यवस्थाएं बदहाल हैं। कई बार शिकायत के बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) को सूचना दी।


सूचना पर मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और गौशाला का निरीक्षण किया। जांच के दौरान शिकायतें प्रथम दृष्टया सही पाई गईं। निरीक्षण में कई गोवंश मृत मिले, जबकि पशुओं के चारा खाने की नांद पूरी तरह खाली थी। साथ ही गौशाला में भूसे के स्थान पर मक्के की कटिंग का उपयोग किया जा रहा था और हरे चारे की भी समुचित व्यवस्था नहीं मिली।

डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि निरीक्षण में मिली सभी कमियों और अव्यवस्थाओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि गौशाला का संचालन जिस संस्था द्वारा किया जा रहा है, उसका चयन शासन स्तर पर हुआ है, इसलिए रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने मृत गोवंशों के तत्काल निस्तारण, गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने गौशालाओं में गोवंशों की देखभाल और संचालन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

 https://youtu.be/JcTvguCLB9s

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *