आज की ताजा खबर

पीलीभीत: गन्ना कृषक पीजी कॉलेज में मेधावी छात्र सम्मान समारोह, AI और चरित्र निर्माण पर दिया गया जोर

top-news

गन्ना कृषक पीजी कॉलेज में मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित

चरित्र निर्माण और AI तकनीक को शिक्षा का आधार बनाने का संदेश, मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

शोएब खान

पीलीभीत | पीलीभीत के पूरनपुर स्थित गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. आर.के. गोस्वामी ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और चरित्र निर्माण को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और मजबूत व्यक्तित्व का निर्माण भी है।


विशिष्ट अतिथि प्रो. दुष्यंत कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का सकारात्मक और गुणवत्तापूर्ण उपयोग करना चाहिए, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार कर सकें। वहीं सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. पी.के. शर्मा ने महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति और प्राचार्य के नेतृत्व की सराहना की।

स्वागत भाषण में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि वर्ष 1994 में स्थापित इस संस्थान ने वर्ष 2016 के बाद उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्तमान में महाविद्यालय में स्नातक, बी.कॉम, बी.एससी (कृषि) तथा परास्नातक के आठ विषयों का सफल संचालन किया जा रहा है।

समारोह के दौरान सत्र 2025-26 के मेधावी छात्र-छात्राओं तनिषा गुप्ता, रचना कश्यप, लुजैन फातिमा, सुहैल खान, संध्या देवी, मयंक मिश्रा, सुखप्रीत कौर और सिदरा फातिमा सहित प्रथम प्रवेशित विद्यार्थियों को शॉल एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रशांत कुमार को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. रेखा सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन डॉ. पिंदर सिंह ने किया। समारोह में लगभग 200 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *