आज की ताजा खबर

श्रावस्ती में नगर निकायों को डीएम की सख्त चेतावनी, गैर-जरूरी कार्यों पर खर्च हुआ सरकारी धन तो होगी कार्रवाई

top-news

श्रावस्ती। नगर निकायों में विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और जनसुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल आवश्यक निर्माण कार्यों के प्रस्ताव ही भेजे जाएं और सरकारी धन का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद भिनगा, नगर पंचायत इकौना और जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा कराने तथा निविदा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के निर्देश दिए।डीएम ने नगर निकायों को विशेष कचरा निस्तारण एवं प्रबंधन अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी वार्डों से समयबद्ध तरीके से कूड़ा उठाकर उसका वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण किया जाए।


उन्होंने लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा घरों में हरे और नीले डस्टबिन के उपयोग के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।उन्होंने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों का समय निर्धारित कर प्रत्येक मोहल्ले से नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही शहर की सफाई, नालियों की नियमित सफाई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, खराब हैंडपंपों को चालू कराने, एमआरएफ सेंटर के नियमित संचालन और सार्वजनिक शौचालयों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।बैठक में जन्म-मृत्यु पंजीकरण, भवन मानचित्र, दाखिल-खारिज/वरासत, पीएम सूर्य घर योजनाऔर पीएम स्वनिधि योजना सहित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ललित कुमार, नगर पालिका परिषद भिनगा की अधिशासी अधिकारी डॉ. अनीता शुक्ला, एलबीसी विपिन चटर्जी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *